सादाबाद तहसील के ग्राम पीहुरा स्थित सुनीता इंडेन गैस एजेंसी पर शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई की है। गैस रिफिल वितरण में अनियमितता और धांधली की शिकायत सही पाए जाने पर डीएम ने मैसर्स सुनीता इंडेन गैस एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। स्थलीय जांच के दौरान एजेंसी पर 212 गैस सिलेंडर गायब मिले।
जनता दर्शन में इस गैस एजेंसी के बारे में शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि एजेंसी द्वारा गैस रिफिल के वितरण में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। डीएम ने संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की विशेष जांच टीम गठित की।
टीम ने जब मौके पर पहुंचकर गैस एजेंसी का स्थलीय निरीक्षण किया और स्टॉक का मिलान किया तो अनियमितताएं सामने आईं। इस दौरान एजेंसी के गोदाम में कुल 212 सिलेंडर कम पाए गए। एडीएम प्रशांत तिवारी ने बताया कि इन तथ्यों और साक्ष्यों के दृष्टिगत आरोपी गैस एजेंसी के संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। संवाद