न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
चुनाव ड्यूटी से बिना स्वीकृति के गायब रहे कार्मिकों पर अब विभागीय स्तर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर दिए हैं। इस पत्र के जारी होते ही कार्मिकों में खलबली मच गई है। सभी कार्मिक सूची अपने अपने नामों को तलाशने में जुट गए हैं।
मतदान के दौरान अपनी ड्यूटी कटाने के लिए तमाम कार्मिकों द्वारा प्रयास किए गए थे, लेकिन कुछ कार्मिकों की स्थितियों को देखते हुए ड्यूटी काट दी गई थी। वहीं कुछ कार्मिकों की ड्यूटियां जिला प्रशासन की ओर से नहीं काटी गईं, लेकिन यह कार्मिक मतदान को रवानगी वाले दिन गायब हो गए और रवानगी स्थल पर नहीं पहुंचे। जिला प्रशासन ने ऐसे कार्मिकों की सूची तैयार कर ली है, जो बिना स्वीकृति के ड्यूटी से नदारद रहे।
अब इन कार्मिकों के खिलाफ विभागीय स्तर से कार्रवाई किए जाने को लेकर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इस पत्र के साथ साथ सभी गैरहाजिर कार्मिकों की सूची भी संलग्र की गई है। इस पत्र के जारी होते ही कार्मिकों में खलबली मच गई है।
बिना स्वीकृति के चुनाव ड्यूटी से गायब रहे कार्मिकों की सूची तैयार कर ली गई है। इन कार्मिकों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
डॉ. अशोक कुमार शुक्ला, एडीएम