न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
सादाबाद क्षेत्र की ग्रामीण प्रतिभाएं लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। अब गांव अभयपुरा सादाबाद स्थित नारायण इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा नौ और 11 के छात्रों ने भूटान में हुए अंतरराष्ट्रीय इंडो भूटान आईसीएसई गेम्स में स्वर्ण पदक जीत कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। पदक जीतकर अपने स्कूल वापस लौटेने पर स्कूल प्रशासन की ओर से दोनों का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. नीतू, विजेंद्र सिंह, रोहित गोयल, डॉ. मनोज व स्कूल के समस्त शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के कक्षा नौ के छात्र यश भारद्वाज और कक्षा 11 के छात्र शशांक ने यह सफलता प्राप्त की। इन छात्रों ने 21 से 24 अप्रैल के मध्य हुए वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन किया। प्रो. डॉ. हरीश चौधरी ने बताया कि स्कूल के छात्र पढ़ाई के साथ-साथ राज्य स्तरीय, अंतरराज्यीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह क्षेत्र व स्कूल के लिए गौरव की बात है। पदक जीतकर आए छात्र यश भारद्वाज ने बताया कि इस पुरस्कार से उनका मनोबल और बढ़ा है। शशांक ने इस जीत पर अपने कोच आन्नद दुबे एवं स्कूल के समस्त शिक्षकों को उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया है।