अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
नगर पालिका की लापरवाही से शहर की आबोहवा खराब हो रही है। हर तरफ गंदगी और जलभराव ने शहर की सूरत को बिगाड़ कर रख दिया है। अब इस गंदगी से स्वास्थ्य महकमे को शहर में संक्रामक रोग और स्वाइन फ्लू फैलने का भी डर सता रहा है। लिहाजा महकमे ने नगर पालिका को नोटिस जारी कर साफ सफाई की व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी है।
स्वास्थ्य महकमा पूर्व में भी कई बार शहर की साफ सफाई को दुरुस्त करनेे के लिए पालिका को पत्र जारी कर चुका है, लेकिन पालिका के अधिकारी बेफिक्र हैं। अब फिर से बुधवार को स्वास्थ्य महकमे ने पालिका के अधिशासी अधिकारी को नोटिस जारी किया है। नोटिस में सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने साफ कहा है कि शहर की सफाई व्यवस्था दयनीय हालत में है, ऐसे में संक्रामक रोग फैल सकते हैं।
हाल ही में आसपास के जनपदों में स्वाइन फ्लू के रोग से कई मौत भी हो चुकी हैं, इसलिए इस गंभीर स्थिति को देखते हुए हाथरस शहर में सतर्कता बरतने की जरूरत है। सीएमओ ने आगाह किया कि शहर की सफाई व्यवस्था को शीघ्र दुरूस्त कराएं। नाले नालियों की सफाई व कचरे का निस्तारण कराएं। शहरी क्षेत्र में कार्यक्रम बनाकर फॉगिंग कराएं। अन्यथा की स्थिति में किसी भी विषम परिस्थिति के लिए आप स्वयं उत्तरदायी होंगे।