हाथरस बस स्टैंड पर महाकुंभ में रवानगी के लिए तैयार खड़ी बसें। संवाद
- फोटो : Samvad
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के लिए हाथरस डिपो से मंगलवार की शाम तक 20 बसों को कुंभ के लिए रवाना कर दिया गया। खास बात यह है कि कुंभ के लिए सवारियां न मिलने से यह बसें खाली ही भेज दी गईं, जबकि जिन मार्गाें से हटाकर इन बसों को भेजा गया है, उन पर यात्रियों ने दिन भर दिक्कतें झेलीं।
महाकुंभ के लिए हाथरस डिपो को कुल 64 बसों की रवानगी का फरमान परिवहन निगम मुख्यालय से मिला है। इसकी शुरुआत मंगलवार को 20 बसों की रवानगी के साथ कर दी गई। कुंभ के लिए सवारियों की कमी होने की वजह से हाथरस से आगरा होते हुए इन बसों को चरणबद्ध तरीके से रवाना किया गया।
हाथरस के प्रत्येक बस को कुछ सवारियों को लेकर करीब आधा-आधा घंटे के अंतराल पर रवाना किया गया। रात तक 20 बसें प्रयागराज रवाना कर दी गईं। बसों की प्रयागराज रवानगी का यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हाथरस डिपो इरफान अहमद ने बताया कि सवारियों की कमी के कारण बसों को रवाना करने में दिक्कत हुई है, लेकिन जो भी सवारियां मिल रही हैं, उनके साथ बसों को रवाना किया जा रहा है।
इधर, इन बसों की रवानगी से दिल्ली, आगरा-अलीगढ़, मथुरा-बरेली राजमार्गाें पर संकट गहरा गया है। मंगलवार को इन मार्गाें पर यात्री बसों के इंतजार में घंटों परेशान रहे। जो बसें दूसरे शहरों से आ रही थीं, वह भी खचाखच भरी हुई थीं। ऐसे में इनमें सवार होने में यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वैसे भी इन-दिनों सहालग के चलते यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। अभी तो कुंभ मेला करीब एक महीने चलेगा। ऐसे में यात्रियों को अगले एक माह तक इस समस्या से दो-चार होना पड़ सकता है।