हाथरस। 10 फरवरी को डी-वॉर्मिंग डे (राष्ट्रीय क्रिमिनाशक दिवस) मनाया जाएगा। इसके तहत 2,89,693 बच्चों को पेट में होने वाले कीड़े को रोकने की दवा खिलाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि डी वार्मिंग डे मनाने की तैयारियां मातृत्व सप्ताह के साथ शुरू हो गई हैं। पेट में कीड़े होने से एनीमिया, खून की कमी, लूज मोशन, पेट में दर्द, न्यूरोसिस्टोसरकोशिश (दिमागी कीड़ा) आदि रोगों की समस्या उत्पन्न होती है। इससे बच्चे तो परेशान होते ही हैं, साथ ही अभिभावकों को भी खासी दिक्कतें आती हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 10 फरवरी को देश में नेशनल डी- वॉर्मिंग डे मनाया जा रहा है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्र व प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले एक से 19 साल के छात्रों को एलवेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी। उन्होने बताया कि एलवेंडाजोल की आधी गोली दो साल से कम उम्र्र के बच्चों को तथा पूरी गोली दो साल से अधिक उम्र के बच्चों को खिलाई जाएगी। अगर पहले चरण में कोई बच्चा दवा खाने से छूट जाता है तो 15 फरवरी को दूसरे चरण में दवा खिलाई जाएगी। जिले में एक से पांच साल के 185545 और छह से दस वर्ष के छात्रों की संख्या 67,418 और 10 से 19 साल के छात्रों की संख्या 36,730 है।
इस दिवस को मनाने के संबंध में 25 जनवरी को सीडीओ की अध्यक्षता में सीडीओ दफ्तर के सभागार में उन्मुखीकरण बैठक भी होगी। इस बैठक में ब्लाक लेबल के अधिकारियों को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।