न्यूज डेस्क, अमर उजाला ब्यूरो
हाथरस। प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में प्राथमिक शिक्षक संघ, यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला इकाई हाथरस ने संयुक्त रूप से आयकर अधिकारी व लेखाधिकारी हाथरस से आयकर की फीडिंग व फॉर्म-16 का वितरण समय से न करने तथा अन्य समसामयिक समस्याओं के निराकरण कराए जाने के लिए ज्ञापन सौंपा।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि आयकर संबंधी समस्याओं का निदान दो जुलाई तक नहीं हुआ तो लेखा कार्यालय पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शिक्षक नेताओं ने कहा कि लेखा कार्यालय द्वारा अभी तक फॉर्म-16 का वितरण नहीं कराया गया है। जिससे समस्त परिषदीय शिक्षक अपना रिफंड फाइल नहीं करा सके हैं। जबकि इस वर्ष 31 जुलाई के बाद रिफंड फाइल करने पर पांच से 10 हजार रुपये का जुर्माना आयकर विभाग वसूल करेगा।
इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विक्रांत सेंगर, महामंत्री राजन चड्ढा, पृथ्वीपाल सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हाथरस शशि कुलश्रेष्ठ, जितेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष रविकांत मिश्र, कृष्ण हरि शर्मा, सत्यवीर सिंह राही आदि मौजूद थे।