राज्य के वन एवं पर्यावरण व सहकारिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और जिले के प्रभारी उपेंद्र तिवारी द्वारा जिले में भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों को आपूर्ति विभाग ने गंभीरता से लिया है। विभाग अब शत-प्रतिशत राशन कार्ड धारकों के आधार नंबर की फीडिंग कराने के लिए राशन विक्रेताओं की दुकानों पर शिविर लगाएगा। यह शिविर पांच से 10 जुलाई के बीच आयोजित किए जाएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि शिविर के दौरान उचित दर विक्रेताओं द्वारा ऐसे कार्डधारकों (जिनके परिवार के सदस्यों की यूनिट में आधारकार्ड संख्या की फीडिंग नहीं हो पाई है) से परिवार के सभी सदस्यों के आधारकार्ड की छाया प्रतियां प्राप्त की जाएंगी। फीडिंग के लिए इन प्रतियोें को आपूर्ति विभाग के कार्यालय में पेश किया जाएगा। इसी प्रकार ऐसे परिवार जो पात्र होते हुए भी पात्र गृहस्थी सूची में सम्मिलित होने से वंचित रह गए हैं, उनके फार्म भरवाए जाएंगे।
नगरीय क्षेत्रों में कैंप के दौरान प्राप्त फार्मों का सत्यापन संबंधित पूर्ति निरीक्षकों द्वारा किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में कैंप के दौरान प्राप्त फार्मों का सत्यापन संबंधित लेखपाल एवं ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा किया जाएगा। जो परिवार पात्र गृहस्थी योजना के लिए पात्र पाए जाएंगे, उनके फार्मों की फीडिंग नगरीय क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षकों द्वारा तत्काल कराई जाएगी।
डीएसओ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के पात्र परिवार के फार्म संबंधित लेखपाल और ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा अपनी संस्तुति सहित संबंधित कार्यक्षेत्र की तहसील में स्थित आपूर्ति कार्यालय में जमा कराए जाएंगे। संबंधित पूर्ति निरीक्षकों द्वारा इस कैंप की अवधि में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चिह्नित किए गए पात्र परिवारों की उचित दर विक्रेतावार सूची 15 जुलाई तक पेश की जाएगी।