न्यूज डेस्क, अमर उजाला, (सादाबाद) हाथरस।
दि बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन के बाद बुधवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। नाम वापसी के बाद कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी हो गया। अब शेष पदों के लिए ही मतदान किया जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी और एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र परासर एडवोकेट ने बताया कि बार के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चौ. गुनेंद्र सिंह, देव स्वरूप पाराशर, वीपी शर्मा और बादाम सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए कुवंर पाल सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए गजेंद्र सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष द्वितीय पद के लिए हरीशंकर गिरी, सचिव पद के लिए वीरेंद्र सिंह, दिग्विजय सिंह, अनुराग गुप्ता, राकेश लाल कुलश्रेष्ठ, वीडी गौतम और अनिल दीक्षित एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए धर्मेंद्र मौर्य, नवीन कुमार और संयुक्त सचिव प्रशासन पद के लिए भानु राजौरिया, अनिल पाराशर, संयुक्त सचिव प्रकाशन पद के लिए दीपक दीक्षित, संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद के लिए भानु प्रताप ने नामांकन दाखिल किए थे।
बुधवार को इन नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच में सभी नामांकन सही पाए गए। हालांकि नाम वापसी के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए गुनेंद्र सिंह, बादाम सिंह, देवस्वरूप पाराशर, सचिव पद पर अनिल दीक्षित, वीरेंद्र सिंह और कोषाध्यक्ष पद के लिए धर्मेंद्र मौर्य, नवीन शर्मा, संयुक्त सचिव प्रशासन के पद पर भानु राजौरिया व अनिल पाराशर के मध्य चुनाव पांच अप्रैल को होगा।
निर्विरोध चुने गए ये पदाधिकारी
मुख्य चुनाव अधिकारी सुरेंद्र पाराशर ने बताया कि दि बार एसोसिएशन के चुनाव से पहले ही निर्विरोध रूप से कुवंरपाल सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गजेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष कनिष्ठ प्रथम, हरीशंकर गिरी को उपाध्यक्ष कनिष्ठ द्वितीय और संयुक्त सचिव पुस्तकालय भानुप्रताप सिंह को चुन लिया गया।