न्यूज डेस्क, अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
नकल पर नकेल कसते ही जिलेभर के परीक्षा केंद्रों से सात हजार 102 विद्यार्थी मैदान छोड़ गए। दोनों पालियों की परीक्षा में 46 हजार 47 विद्यार्थी शामिल हुए। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अधिकारी जम रहे। सादाबाद के गांव गढ़ी इच्छा में एसकेएम इंटर कॉलेज में प्रवेश पत्र को लेकर हंगामा और मारपीट हुई।
यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल को रोकने के लिए किए गए इंतजाम मंगलवार की परीक्षा में कारगर साबित हुए। सुबह की पाली में जिलाधिकारी डॉ.रमाशंकर मौर्य सबसे पहले रोहई स्थित हरप्यारी देवी इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। यहां पर परीक्षा का जायजा लेने के बाद उन्होंने अन्य केंद्रों का भी भ्रमण किया।
वहीं जिलेभर के 98 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट व सचल नजर गढाए रहे। सादाबाद के एक परीक्षा केंद्र गढ़ी अच्छा पर हंगामा हो गया, लेकिन जिला प्रशासन ने पुलिस की मदद से उसे संभाल लिया। सुबह की पाली में हाईस्कूल हिंदी के पेपर में 27 हजार 40 परीक्षार्थियों में से 3814 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी पाली में प्रारंभिक हिंदी के पेपर में 35 परीक्षा में शामिल हुए और एक परीक्षार्थी गैर हाजिर रहा। इंटरमीडिएट के 338 विद्यार्थियों ने सामान्य आधारित विषय की परीक्षा दी और 12 ने परीक्षा छोड़ दी।
दूसरी पाली की परीक्षा में इंटरमीडिएट हिंदी के पेपर में 2920 में से 283 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। सामान्य हिंदी के पेपर में 22 हजार 803 विद्यार्थियों में से 19 हजार 811 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2992 अनुपस्थित रहे।
इस प्रकार दूसरी पाली की परीक्षा में कुल 22 हजार 448 ने परीक्षा दी और 3275 गैर हाजिर रहे। दोनों पालियों की परीक्षा में 53 हजार 149 परीक्षार्थियों में सात हजार 102 ने परीक्षा छोड़ दी।
जिलेभर परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई। दोनों पालियों में 46 हजार 47 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 7102 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर ऑनलाइन नजर रखी जा रही है।
सुनील कुमार, डीआईओएस।