हाथरस। तीन साल से अधिक समय से एक ही जिले में तैनात निरीक्षकों के मंडल स्तर पर हुए स्थानांतरण के तहत हाथरस से 18 निरीक्षकों को अलीगढ़, एटा और कासगंज भेजा गया है। इन तबादलों में जिले के छह प्रमुख थानों के प्रभारी भी शामिल हैं, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जिले से बाहर भेजे गए निरीक्षकों में सासनी थाना प्रभारी विपिन चौधरी को अलीगढ़, कोतवाली नगर प्रभारी सत्येंद्र सिंह राघव, मुरसान प्रभारी गिरीशचंद गौतम, सादाबाद प्रभारी विजय कुमार सिंह और हसायन प्रभारी मनीष चिकारा को एटा स्थानांतरित किया गया है।
सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा को कासगंज भेजा गया है। इसके अलावा अपराध शाखा, साइबर क्राइम सेल, चुनाव कार्यालय, महिला परामर्श केंद्र और आईजीआरएस समेत विभिन्न शाखाओं में तैनात 12 अन्य निरीक्षकों का तबादला हुआ है। डीआईजी अलीगढ़ परिक्षेत्र के आदेश के अनुपालन में एसपी ने इन्हें सोमवार को ही कार्यमुक्त करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
बेहतर थाने पाने की जोड़तोड़ शुरू
एक साथ 18 निरीक्षकों के जाने के बाद अलीगढ़ से 21, एटा से नौ व कासगंज से चार निरीक्षक हाथरस भेजे गए हैं। एक तरफ जहां गैर-जनपद गए निरीक्षक अपने नए जिले में बेहतर थाने की पोस्टिंग पाने की जुगाड़ में जुट गए हैं, वहीं दूसरी तरफ हाथरस के छह बड़े थाने खाली होने से जिले में पहले से तैनात और बाहर से आने वाले निरीक्षकों के बीच भी मलाईदार थानों की कमान पाने की होड़ शुरू हो गई है। इन छह थानों के अलावा शेष चार थानों में भी फेरबदल की संभावना है।
शासन के निर्देशों के क्रम में ये स्थानांतरण किए गए हैं। उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार स्थानांतरित निरीक्षकों को रिलीव कर दिया गया है। थानों पर जल्द ही नई तैनाती की जाएगी।
-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी