न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
हाथरस। शहर के अलीगढ़ रोड स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में सोमवार को बड़ी संख्या में अभिभावकों ने पहुंचकर विद्यालय प्रशासन द्वारा की गई फीस वृद्धि का विरोध किया। अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय प्रशासन द्वारा पहले से ही काफी फीस वसूली जा रही है। अब और अधिक फीस निर्धारित कर अभिभावकों पर काफी बोझ बढ़ा दिया है।
अभिभावकों ने इस संबंध में विद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि के लिए निर्धारित नीति से अवगत कराने की मांग की। अभिभावकों ने इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य से बढ़ी हुई फीस वापस करने एवं तिमाही के स्थान पर मासिक रूप से फीस लिए जाने की मांग की।
इस दौरान अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी कि जब तक बढ़ी हुई फीस वापस नहीं ली जाती, तब तक कोई भी अभिभावक विद्यालय में फीस जमा नहीं करेगा। इस दौरान विद्यालय की ओर से अभिभावकों को शासन स्तर पर किए जा रहे पत्राचार से भी अवगत कराया गया।
विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. रॉवर्ट वर्गीस से इस संबंध में मिलने पहुंचे अभिभावकों में प्रमुख रूप से राहुल देव शर्मा, दीपक शर्मा, प्रवीन वाष्र्णेय, आशीष उपाध्याय, राजू सिसौदिया, तिलक दुबे, हर्षकांत तिवारी, अंशुल कौशिक, मोहित पंडित, गंभीर चौधरी, आकाश चौधरी, शिवम पंडित, कन्हैया, गोल्डी शर्मा आदि प्रमुख थे।
- अभिभावकों को फीस रेग्यूलेशन की जानकारी का अभाव है। अभिभावकों को इसके बारे में जानकारी दी जा रही है। विद्यालय की फीस करीब 9 प्रतिशत बढ़ाई गई है, जो नीति के अनुरूप है। अभिभावक तीन माह की फीस एक साथ जमा करना नहीं चाहते हैं। उनको प्रतिमाह फीस जमा करने के लिए आवेदन करने पर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बढ़ी हुई फीस के संबंध में सरकार से अनुमति मांगी गई है।
- डॉ. रॉवर्ट वर्गीस, प्रिंसिपल, सेंट फ्रांसिस स्कूल ।