न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आज से यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होगा। जिले लेकर तीनों के्रदों पर परीक्षकों को सुबह दस बजे उपस्थित होने के निर्देश विभागीय अधिकारी ने दिए हैं। शहर के तीन विद्यालयों में मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इन तीनों केंद्रों पर शुक्रवार से यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा।
1194 परीक्षक तीन लाख छह हजार 621 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। बागला इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की एक लाख 10 हजार उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 398 परीक्षक और 40 हेड परीक्षक लगाए गए हैं, जबकि अक्रूर इंटर कॉलेज में 443 परीक्षक और 44 हेड परीक्षक एक लाख 13 हजार 680 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे।
रामबाग इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 92,941 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 353 परीक्षक और 37 हेड परीक्षक करेंगे। डीआईओएस सुनील कुमार ने बताया कि मूल्यांकन पूरी शुचिता पूर्ण कराए जाने के निर्देश तीनों केंद्र प्रभारियों को गए हैं। 28 मार्च तक मूल्यांकन का काम चलेगा।
रामबाग इंटर कॉलेज में बने मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक डॉ. दिलीप कुमार आमोरिया ने बताया कि परीक्षक मूल्यांकन के लिए एक फोटो, परास्नातक की अंक तालिका की छाया प्रति, नियुक्ति प्रमाण पत्र, आर्हता प्रमाण पत्र प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित और संबंधित विद्यालय से कार्य मुक्ति का प्रमाण पत्र लेकर सुबह 10 बजे केंद्र पर उपस्थित हों।