न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
केंद्र सरकार के वर्ष 2019 के स्वच्छ भारत सर्वेक्षण में सादाबाद नगर पंचायत ने 204 अंकों की उछाल लगाई है। जिले में सादाबाद नगर पंचायत को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। एक लाख से कम आबादी वाले नगरों में स्वच्छता में सादाबाद ने 470 वीं रैंक प्राप्त की है।
साल 2018 में सादाबाद नगर पंचायत ने स्वच्छता के मामले में 674 अंकों के साथ जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया था, लेकिन अब इस साल नगर पंचायत 674 रैंक की जगह 470 वीं रैंक प्राप्त की है। इससे साफ है कि नगर में साफ सफाई के लिए नगर पंचायत द्वारा कड़े प्रयास किए गए। नगर पंचायत ने भी कई जगह डस्टबिन आदि लगवाए और रैली आदि के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा की, जिससे लोगों में जागरूकता आई।
स्वच्छता की हकीकत को परखने के लिए यहां पूर्व में केंद्र की एक टीम आई थी, जिसने गली मौहल्लों में जाकर स्वच्छता के कार्यों का जायजा और शौचालयों की स्थिति देखी थी। इसके अलावा लोगों से भी स्वच्छता के संबंध में उनका फीडबैक लिया था। इसी आधार पर टीम ने अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी थी। ईओ लल्लनराम ने बताया कि इस बार सादाबाद नगर पंचायत ने स्वच्छता के मामले में 204 अंकों की छलांग लगाई है, वह बात अलग है कि जिले में नगर पंचायत को तीसरा स्थान मिला है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की बात करें तो स्वच्छता सर्वेक्षण में सासनी को पहला, हसायन को दूसरा, सादाबाद को तीसरा, मेंडू को चौथा, सिकंदराराऊ को पांचवां, सहपऊ को छंटवा, पुरदिलनगर को सातवां, मुरसान को आठवां स्थान प्राप्त हुआ है। चेयरमैन रविकांत अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छता के लिए नगर में प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। जगह जगह डस्टबिन आदि लगवाए गए हैं। घर घर जाकर ट्रैक्टर ट्रॉली आदि के माध्यम से कूड़े को एकत्रित करवाया जा रहा है। लोगों में भी जागरूकता लाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।