न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जनपद मऊ में कार्यरत लेखपाल धीरज सिंह के हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ बैनर तले लेखपालों ने तहसील सदर में धरना-प्रदर्शन किया। वहीं गिरफ्तारी की मांग और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने को लेकर सीएम के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम कहा है कि जनपद मऊ में 11 फरवरी को पांच-छह लोग प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के आवेदन लेकर लेखपाल के पास आए और गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से लेखपाल का परिवार एवं प्रदेश के 3,200 लेखपाल आहत एवं आक्रोशित है। लेखपाल संघ ने मांग की है कि हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाए।
ड्यूटी पर शहीद लेखपाल के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष और प्रधानमंत्री राहत कोष से 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए। लेखपाल की पत्नी को पेंशन और आश्रितों को तत्काल नौकरी दी जाए। एजाज मेहंदी, बलवीर सिंह, मदन मोहन शर्मा, विजेंद्र सिंह, रमेश चंद्र, छेदीलाल, राम निवास, पंकेश कौशिक, देवव्रत, श्वेता यादव, रुचि सिंह, नरेंद्र तिवारी, बृजेश शर्मा, राघवेंद्र सिंह, आदि मौजूद थे।