न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत पुरुष नसबंदी पखवाड़ा 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक मनाया जाएगा। पुरुष नसबंदी पखवाड़े को बेहतर ढंग से मनाए जाने को लेकर जिलास्तरीय विभागीय समन्वय बैठक कलेक्ट्रेेट सभागार में हुई। इस मौके पर 144 के लक्ष्य के सापेक्ष नौ नसबंदी होने पर डीएम ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद के समस्त कारखानों के मजदूरों, मध्यम तथा निम्न वर्ग के लोगों से संपर्क करके नसबंदी के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुरुष नसबंदी के तहत लाभार्थी को तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा आशा, प्रेरक और सर्जन टीम को नसबंदी पर 400 रुपये की राशि दी जाएगी।
उन्होंने पखवाडे़ को सफल बनवाने के लिए चौराहों पर बैठक करने और स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन सामग्री का प्रदर्शन करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए जनसंख्या नियंत्रण अति आवश्यक है। इस मौके पर सीएमओ बृजेश राठौर, डॉ. रश्मि पुष्कर, डीके अग्रवाल, पीडी चंद्रशेखर शुक्ला, डीपीओ धर्मेंद्र कुलश्रेष्ठ, चतुर सिंह, अशोक कपूर आदि मौजूद थे।