न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। अब पांच हजार घर जल्द बिजली कनेक्शन मिलने के साथ रोशन होंगे। डाक विभाग के पोस्टमैन ने साढ़े छह सौ गांवों में सर्वे कर पोर्टल पर डाटा लोड कर दिया है। जल्द इन लोगों को बिजली महकमे द्वारा कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे।
बता दें कि हाथरस जिले में सौभाग्य योजना के तहत 60 हजार से अधिक बिजली कनेक्शन होने हैं। जिसमें बिजली विभाग अभी आधे ही कनेक्शन कर पाया है। 31 दिसंबर तक हर घर में बिजली कनेक्शन पहुंचना है। इसी को देखते हुए डाक विभाग के कर्मियों को कनेक्शनों की पड़ताल में लगाया गया।
हाथरस जिले के करीब डेढ़ सौ पोस्टमैन ने साढ़े छह सौ गांवों में घर घर जाकर लोगों से पूछा कि आपके यहां बिजली कनेक्शन है या नहीं। जिन लोगों के यहां बिजली कनेक्शन नहीं था। उन लोगों आधार कार्ड आदि डाटा लिया। करीब पांच हजार लोगों का डाटा ऊर्जा मंत्रालय के पोर्टल पर फीड कर दिया है। इस मामले में डाक विभाग के एएसपी चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि हमारे पोस्टमैन ने गांवों में सर्वे किया। जिसमें पांच हजार लोग ऐसे मिले। जिनके यहंा बिजली कनेक्शन नहीं था। उनका डाटा ऊर्जा मंत्रालय के पोर्टल पर फीड कर दिया गया है।