न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। इस बार सर्दियों में जिले में बिजली संकट नहीं रहेगा। मीतई 220 केवीए सब स्टेशन में ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि होगी। मुख्यालय से हरी झंडी मिल गई है। इस पर जल्द काम शुरू हो जाएगा।
बतादें कि मीतई 220 केवीए बिजलीघर में इन दिनों 180 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं। चूंकि हाल ही में सरकार द्वारा सौभाग्य योजना के तहत जिले में करीब पांच हजार लोगों को कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता का प्रस्ताव बनाकर बीते दिनों भेजा गया, जिसे मुख्यालय से हरी झंडी मिल गई है।
200 एमवीए का एक ट्रांसफॉर्मर जल्द बिजलीघर में आएगा और क्षमता वृद्धि का काम शुरू होगा, जिससे लोगों को सर्दी में पर्याप्त बिजली मिलेगी। इस मामले में एक्सईएन ट्रांसमिशन कृष्ण कुमार आत्रे ने बताया कि 160 एमवीए के स्थान पर 200 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। एक ट्रांसफॉर्मर जल्द आएगा, काम शुरू होगा।