न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय महिला संरक्षण गृह मथुरा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव शिव कुमारी ने की। शिविर से पूर्व राजकीय महिला संरक्षण गृह मथुरा का निरीक्षण भी किया गया।
शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के संबंध में महिला बंदियों को जानकारी दी गई। इस मौके पर प्राधिकरण की सचिव शिव कुमारी ने उनके मुकदमों की पैरवी एवं स्थिति के संबंध में जानकारी ली और महिला बंदियों को बताया कि उनके मुकदमे में उनकी पैरवी के लिए यदि अधिवक्ता नही है तो वह एक प्रार्थना पत्र संबंधित जिले के सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अधीक्षिका के माध्यम से देकर नि:शुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकती है।
प्राधिकरण की सचिव प्राधिकरण के उद्देश्यों, कन्या भ्रूण हत्या तथा घरेलू हिंसा आदि के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक प्रकार की दिवानी, फौजदारी वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर करना, साक्षरता शिविरों के माध्यम से जनता को प्राधिकरण के उद्देश्यों की जानकारी देना, लोक अदालतों का आयोजन कराना, गरीब एवं पात्र व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर प्रभारी अधीक्षिका रेनू बाला ने भी अपने विचार व्यक्त किए।