न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
ब्लॉक सिकंदराराऊ की दो ग्राम पंचायतों की प्रिया सॉफ्टवेयर में फीडिंग नहीं होने के कारण जिले का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने की कोशिश को अटका दिया है। जिले की पांच ग्राम पंचायतों की फीडिंग पूरी की जाने के बाद तकनीकी समस्या ने अधिकारियों के समक्ष परेशानी खड़ी कर दी है। तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए डीपीआरओ बनवारी सिंह ने निदेशक पंचायतराज को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया है।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार के निर्देश पर जिले में प्रिया सॉफ्टवेयर पर वार्षिक पुस्तिका की फीडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस मामले फीडिंग में लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों का पिछले दिनों वेतन रोकने की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के बाद यकायक फीडिंग में तेजी आई।
जिले की 474 में से 472 ग्राम पंचायतों का पिछले वित्तीय वर्ष डाटा फीड कर दिया गया है। सिकंदराराऊ के संबंधित ग्राम विकास अधिकारी द्वारा अभी तक ग्राम पंचायत भिसी मिर्जापुर और टीकरी खुर्द की वार्षिक पुस्तिका की फीडिंग नहीं की गई है। इस कारण शत प्रतिशत रिपोर्ट शासन को भेजने में समस्या आ रही है।
जिले की पांच ग्राम पंचायतों की फीडिंग तो पूरी हो गई है, लेकिन कुछ तकनीकी समस्याओं की वजह से पोर्टल पर इनकी फीडिंग पूर्ण रूप से प्रर्दशित नहीं हो रही है। इसको दूर करने के लिए ग्राम पंचायत वार वर्क आईडी और समस्या के साथ डीपीआरओ बनवारी सिंह ने निदेशक पंचायतराज को पत्र लिख दिया है।