न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
जागो ग्राहक जागो का नारा तो सुना था, लेकिन शुक्रवार को इसकी हकीकत भी सामने आ गई। वाकई में अब ग्राहक जागरूक हो चुके हैं और बाजार में पूरी तरह से नफा नुकसान देखकर ही सामान खरीद रहे हैं। जागरूकता की वजह से ही एक ग्राहक ने अपने 14 हजार रुपये तो बचाए ही, दुकानदार को भी खूब खरीखोटी सुनाई और उसका सामान भी वापस कर दिया।
दरअसल, शुक्रवार को गांव छावा का एक व्यक्ति अपनी बेटी की शादी के लिए किराने के सामान की खरीदारी करने के लिए बाजार आया था, उसने कस्बे के चौक चौराहे पर स्थित एक किराने की दुकान से किराने का सामान खरीदा। दुकानदार ने सामान का बिल बनाया जो कि 45 हजार का था। ग्राहक ने दुकानदार के पूरे 45 हजार रुपये चुकता कर दिए, लेकिन ग्राहक को कुछ शक हुआ तो उसने दूसरी दुकान पर जाकर सामान का पर्चा दिया और उसका हिसाब लगवाया तो दूसरे दुकानदार ने पर्चे में लिखे सभी सामान का बिल 31 हजार का बनाया।
दोनों पर्चों में 14 हजार का अंतर देखकर ग्राहक तुरंत ही पहले दुकानदार के पास पहुंचा और उसे दूसरी दुकान पर यही सामान 31 हजार में मिलने की बात बताई। इस पर दुकानदार और ग्राहक में जमकर बहस और नोकझोंक हुई। मौके पर हंगामा होते देख काफी लोगों की भीड़ भी जुट गई।
इसके बाद दुकानदार ग्राहक को 14 हजार रुपये वापस करने लगा तो ग्राहक ने 14 हजार रुपये न लेकर उसका सामान वापस कर दिया। ग्राहक ने दुकानदार को खूब खरीखोटी सुनाई। यह वाकया बाजार में चर्चा का विषय बना रहा। लोगों का कहना था कि ग्राहक की जागरूकता उसके काम आ गई।