न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल में कुछ स्टाफ नर्सों की मनमानी चल रही है। यह बात विभागीय अधिकारियों की नजर में भी है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले महीनों में जिला अस्पताल में करीब 21 स्टाफ नर्सों की तैनाती हुई है। इनकी तैनाती के बाद विभागीय अधिकारी और आमजनों ने काफी राहत महसूस की थी, क्योंकि अस्पताल में स्टाफ की काफी कमी थी। कुछ दिनों तक तो यहां पर सब कुछ ठीक चला, लेकिन अब देखा जा रहा है कि कुछ स्टाफ नर्स तो अपनी मनमानी से ड्यूटी कर रही हैं।
अगर रविवार की रात की बात करें तो ऊपर के वार्ड में भर्ती कई मरीज इमरजेंसी में पहुंचे। यहां पर मौजूद डॉक्टर को उन्होंने बताया कि वार्ड में उनकी देखरेख करने वाला कोई नहीं है। इस बात की जानकारी डॉक्टर ने फोन पर सीएमएस को दी। वहीं मरीजों और तीमारदारों ने वार्ड में स्टाफ नर्स नहीं होने की शिकायत लिखित में देते हुए, उनके साथ अच्छा व्यवहार न करने का आरोप भी लगाया।
वार्ड से समय से पहले ड्यूटी से जाने की बात मेरे संज्ञान में आई है। मरीजों ने लिखित में जो शिकायत की है, वह मुझे नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कराकर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। समय से पहले कोई भी स्वास्थ्य कर्मी बिना किसी को बताए ड्यूटी से गायब होता है तो यह घोर लापरवाही है।
-डॉ. आईवी सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल।