न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के अस्थाई गोशालाओं में अब ग्राम पंचायत निधि से प्रकाश व पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी। इस संबंध में सीडीओ एसपी सिंह ने सभी संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि ग्राम पंचायतों द्वारा इन व्यवस्थाओं के लिए एक मुश्त धनराशि का व्यय किया जा सकेगा।
शासन स्तर से अस्थाई गोशालाओं की स्थिति में सुधार को लेकर सख्ती बरत रखी है। अब इसे देखते हुए यहां जिला प्रशासन की ओर से भी संबंधित विभागीय अधिकारियों पर शिकंजा कस दिया गया है। अब ग्राम पंचायत निधि से गोशालाओं में ग्राम पंचायतें राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियां के अंतर्गत आवंटित धनराशि से हैंडपंप, प्रकाश की व्यवस्था कराएंगी। ग्राम पंचायतों द्वारा उक्त कार्यों पर एक मुश्त धनराशि का ही व्यय किया जा सकेगा।
इस संबंध में सीडीओ ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इन कार्यों को ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करते हुए प्लान प्लस पर फीड कर राज्य वित्त आयोग से संस्तुति कराकर आवंटित धनराशि से कार्य कराएं। यहां पिछले दिनों किए गए निरीक्षण में गोशालाओं में प्रकाश की व्यवस्था और पानी की व्यवस्था न होने के कारण यह निर्देश जारी किए गए हैं।