न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रामपुर में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर भैंस के ऊपर गिर गया। इससे भैंस मर गई। इससे गुस्साई महिलाओं ने भोपतपुर बिजलीघर पर कब्जा कर लिया। बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस और बिजली अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
उल्लेखनीय है कि गांव रामपुर में घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। कई बार ग्रामीणों ने लाइन शिफ्टिंग की मांग की, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या पर कतई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। गुरुवार की रात को आई आंधी के दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर भैंस के ऊपर गिर गया। करंट की चपेट से भैंस मर गई।
मामले की जानकारी बिजली अधिकारियों को भी दे दी गई। काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा। गांव की काफी महिलाएं भोपतपुर सब स्टेशन पर पहुंच गईं और वहां कब्जा करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। पुलिस और बिजली अधिकारी पहुंच गए। विभागीय अधिकारियों ने जल्द लाइन शिफ्टिंग का आश्वासन दिया। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। शहर के मुरसान गेट पर लगा टावर क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण सुबह से दोपहर तक इंटरनेट कनेक्टिविटी बाधित रही। काम के लिए आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।