फायर सिस्टम में पानी की जगह निकला कूड़ा
आगरा सड़क स्थित प्रेम रघु अस्पताल में फायर सिस्टम तो मिला, लेकिन वह क्रियाशील नहीं था। यहां कोई ऐसा व्यक्ति नहीं मिला, जिसे फायर सिस्टम चलाने की जानकारी हो। जब उन्हें चलवाकर देखा गया, तो उपकरणों के भीतर से पानी की जगह भारी मात्रा में कूड़ा निकला। अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी कर वहां हर समय एक जिम्मेदार व्यक्ति को तैनात रखने और उसका फोन नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। आगरा सड़क स्थित विशाल मेगा मार्ट में आपातकालीन निकासी द्वार की चाबी तो मौजूद थी, लेकिन उसका कोई स्पष्ट डिस्प्ले नहीं लगा था। साथ ही सीढ़ियों में सामान के हैंगर लगाकर रास्ता बाधित किया गया था। इस लापरवाही पर मार्ट प्रबंधन को नोटिस थमाया गया है।
सादाबाद में कोचिंग केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा पर सख्ती
लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद सादाबाद प्रशासन सतर्क हुआ। मंगलवार को एसडीएम मनीष चौधरी और सीओ जेएन अस्थाना ने व्यावसायिक भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने हाथरस रोड, मथुरा अड्डा और राया तिराहा स्थित कोचिंग केंद्रों व पुस्तकालयों की सुरक्षा जांची। अधिकारियों ने अग्निशमन सुरक्षा और आपातकालीन इंतजाम देखे। कुछ संचालक प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए। अधिकारियों ने संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
सादाबाद में छात्र-छात्राओं को दी श्रद्धांजलि
द बार एसोसिएशन सादाबाद ने मंगलवार को शोक सभा आयोजित कर लखनऊ के अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा। घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पाराशर ने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया। उन्होंने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की बात कही। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की।