न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर चुनाव ड्यूटी से बिना स्वीकृति के गैरहाजिर रहने पर डीपीआरओ ने एक सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया है। डीएम ने मतदान के लिए रवानगी स्थल पर बिना बताए गैरहाजिर रहने वाले कार्मिकों पर विभागीय कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए थे। कार्रवाई के बाद अन्य विभागीय कर्मचारियों में खलबली मच गई है।
मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदान ड्यूटी नहीं करने के लिए तमाम कार्मिकों ने प्रार्थना पत्र दिए थे। इन प्रार्थना पत्रों में कारणों को देखते हुए काफी संख्या में कार्मिकों को ड्यूटी से पृथक किया गया था। यहां तक रवानगी स्थल पर भी कार्मिकों की ड्यूटियों को हटाया गया था। वहीं बिना उच्चाधिकारी के स्वीकृति के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाले कार्मिकों पर अब कार्रवाई होना शुरू हो गया है।
डीएम ने बिना स्वीकृति के दौरान रवानगी स्थल पर गैरहाजिर रहने वाले कार्मिकों की सूची तैयार कर ली है। यह सूची संबंधित विभागाध्यक्ष को भेज दी गई है। डीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि विभागीय स्तर पर इन कार्मिकों पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके चलते डीपीआरओ ने सफाई कर्मी राजकुमार को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच एडीओ पंचायत मुरसान को सौंप दी गई है।