न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
चुनाव ड्यूटी में लगे 1,005 मतदान कार्मिकों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, जबकि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में करीब 5,700 कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इस प्रतिशत ने यहां जिला प्रशासन के शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए चल रहे जागरूकता के प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जिला प्रशासन रवानगी स्थल पर सुविधा केंद्र की मदद से अधिक से अधिक सर्विस मतदाताओं से मतदान कराने के लिए जागरूक करेगा।
जिला प्रशासन की ओर से सर्विस मतदाताओं के लिए मंडी परिसर में डाकमत पत्र के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुविधा केंद्र बनाए गए थे, ताकि सुविधा केंद्र के जरिए यह सर्विस मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
इसके लिए जिला प्रशासन लंबे समय सर्विस मतदाताओं के साथ अन्य मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास कर रहा था। यहां प्रशिक्षण के अंतिम दिन हाथरस विधानसभा क्षेत्र 272, सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र के 29 और सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के 130 सर्विस मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान करीब 5,700 कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, लेकिन मात्र 1,005 कार्मिकों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। एडीएम अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि रवानगी स्थल पर सुविधा केंद्र के जरिए सर्विस मतदाताओं से डाकमत पत्र के जरिए मतदान करने के लिए जागरूक किया जाएगा।