न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। सोमवार को कस्बा मुरसान सहित 55 गांवों में सुबह से बिजली गुल हो गई। इसकी वजह हतीसा के निकट 33 केवीए की अंडर ग्राउंड केबल में खराबी आना रही। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। मंगलवार को केबिल बदलने का काम होगा। इस कारण बिजली सप्लाई बंद रहेगी।
बता दें कि कस्बा मुरसान को ओढ़पुरा सबस्टेशन से मुरसान के लिए 33 केवीए की लाइन जा रही है। हतीसा पुल के निकट अंडर ग्राउंड लाइन गुजर रही है। सोमवार की सुबह इस लाइन में खराबी आ गई। इस कारण सुबह सात बजे से शाम तक बिजली गुल रही। कर्मी लाइन की मरम्मत करने में जुटे रहे, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। लोग बिना बिजली के जरूरी कामकाज नहीं कर सके।
किसान खेतों में सिंचाई नहीं कर सके। अंधेरा होने के कारण कस्बे के बाजार जल्दी बंद हो गए। लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। इस मामले में जेई कौशल गुप्ता का कहना है कि 33 केवीए की लाइन में खराबी आने के कारण मुरसान कस्बा व करीब 52 गांवों की सप्लाई सुबह से बाधित है, जिसे सही करने का प्रयास चल रहा है। मंगलवार को केबिल मरम्मत के चलते सप्लाई प्रभावित रहेगी।