ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
जलभराव होने के कारण फैलने वाली मच्छर जनित बीमारियों को रोकने के लिए अब स्वास्थ्य महकमे ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को खाली प्लाटों में हो रहे जलभराव को लेकर महकमे ने शहर के दो लोगों को नोटिस जारी कर दिए। नोटिस जारी कर दो दिन में जलभराव को दूर करने के निर्देश दिए गए। नोटिस मिलने से लोगों में खलबली मचना शुरू हो गई है।
गत दिनों वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य महकमे के उच्चाधिकारियों ने जिले के अफसरों को निर्देश दिए थे कि किसी भी कीमत पर मच्छर जनित रोग डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया आदि फैलने नहीं चाहिए, इसके लिए जरूरी है कि आबादी के बीच हो रहे जलभराव को दूर किया जाए।
जलभराव के लिए जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी किए जाएं। इन निर्देशों के बाद महकमे ने शहर में कार्रवाई शुरू की है। एसीएमओ डॉ. डीके अग्रवाल और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मुकेश जौहरी ने बताया कि गुरुवार को नाई का नगला नई बस्ती निवासी भगवान सिंह और नाई का नगला नई बस्ती भूतेश्वर रोड निवासी झुन्नालाल को नोटिस जारी किए गए हैं।
इन दोनों के खाली पड़े प्लाटों में काफी मात्रा में जलभराव हो रहा था, जिससे वहां मच्छरों का लार्वा पैदा हो रहा था। नोटिस के जरिए दो दिन में प्लाटों से जलभराव को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।