ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
मैंडू रोड पर स्थित एक कॉलोनी में बिना कनेक्शन मीटर लगाए जाने का मामला शनिवार को अमर उजाला में उजागर होने के अगले ही दिन विभाग ने इन मीटरों को कॉलोनी से हटा लिया। यह बात भी सामने आई है कि इस मामले में मीटर लगाने वाले कर्मी के खिलाफ तो कार्रवाई अभी तक नहीं की गई, बल्कि उल्टे दो उपभोक्ताओं के खिलाफ तहरीर दे दी गई।
बता दें कि कुछ बिजली विभाग के ही नुमाइंदे बिजली चोरों का साथ देकर विभाग को राजस्व की क्षति पहुंचा रहे हैं और लाखों की कमाई कर रहे हैं। मैंडू रोड पर स्थित एक कॉलोनी में बिना कनेक्शन तीन मकानों पर मीटर लगा दिए जाने का मामला शनिवार को अमर उजाला ने उजागर किया तो विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई। अधिकारियों ने उसी दिन शाम को अवैध रूप से लगे मीटरों को मकानों से हटा दिया। लेकिन सवाल यह है कि अब तक किस की सह पर बिना कनेक्शन के विभागीय मीटरों को मकानों पर किसने लगाया। हालांकि सूत्रों की मानें तो एक विभागीय कर्मी का नाम ही मीटर लगाने मेें सामने आ रहा है। इधर, सूत्रों की मानें तो विभाग ने इस कर्मी पर कार्रवाई करने की बजाय दो उपभोक्ताओं के खिलाफ ही बिजली चोरी करने की तहरीर दे दी है। जेई हरी सिंह ने बताया कि मीटर खंड द्वारा दो मकानों से मीटरों को हटा लिया है। एई मीटर का कहना है कि उन्हें इस मामले में जानकारी नहीं है।