योजना पूरी होने के बाद शहर के सभी 137 पार्क नई पहचान के साथ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इसके अलावा तालानगरी में भी एक बड़े पार्क का निर्माण किया जाएगा।
अलीगढ़ नगर निगम ने शहरवासियों की सेहत और बेहतर जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए शहर के 137 पार्कों के कायाकल्प की योजना तैयार कर ली है। पहले चरण में गांधीपार्क समेत 67 पार्कों में कार्य शुरू हो चुका है।
विज्ञापन
पार्कों में साफ-सफाई, घास कटाई, पौधरोपण और पेड़ों की देखभाल के साथ नई लाइटें लगाने का काम किया जा रहा है। मॉर्निंग वॉक और एक्सरसाइज करने वालों के लिए वॉकिंग ट्रैक को दुरुस्त किया जाएगा। वहीं बच्चों के खेलने के उपकरणों की मरम्मत और नई सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी, ताकि परिवारों के लिए पार्क अधिक सुविधाजनक बन सकें।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि शहर में बढ़ते प्रदूषण व भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच पार्क लोगों को मानसिक और शारीरिक राहत देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसी को देखते हुए पार्कों में बैठने की बेहतर व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विज्ञापन
नगर आयुक्त ने बताया कि योजना पूरी होने के बाद शहर के सभी 137 पार्क नई पहचान के साथ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इसके अलावा तालानगरी में भी एक बड़े पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।