न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। भाजपा के साथ साथ आरएसएस ने भी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। अब संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भाजपा और संघ से जुड़े संगठनों में बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए बैठकें कर रहे हैं। इसी के चलते बुधवार को यहां नवग्रह गेस्ट हाउस अलीगढ़ रोड पर संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। जिसमें संघ के क्षेत्रीय प्रचारक, प्रांत प्रचारक के अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शिरकत करेंगे।
जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं। वैसे वैसे आरएसएस भाजपा के साथ बेहतर तालमेल के लिए जिला व विभाग स्तर पर बैठक कर रहा है। सूत्रों की मानें तो इन बैठकों का समन्वय बैठकों का नाम दिया जा रहा है। इसमें भाजपा के पदाधिकारियों के साथ साथ संघ की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। ऐसी ही एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को यहां नवग्रह गेस्ट हाउस में होगी।
इसमें आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक आलोक, प्रांत प्रचारक हरीश व अन्य वरिष्ठ नेता संघ की विभिन्न शाखओं से जुड़े पदाधिकारियों व भाजपा के कुछ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। यहां बुधवार को यह बैठक मथुरा क्षेत्र की होगी। इस बैठक में भाजपा के हाथरस जिले के सासंद, विधायकों, जिलाध्यक्ष सहित 13 लोग शामिल होंगे। इसी तरह मथुरा के कुछ जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा भी बैठक में मौजूद रहेंगे। संघ की इस गोपनीय बैठक पर भाजपा के अन्य नेताओं की निगाह है।
ऊर्जामंत्री के कार्यक्रम से बिजली अफसरों में खलबली
हाथरस। प्रदेश के ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा बुधवार को हाथरस में अलीगढ़ रोड स्थित नवग्रह गेस्ट हाउस में आएंगे। इससे बिजली अफसरों में खलबली मची हुई है। बिजली अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैँ। अधिकारियों को यह डर भी सता रहा है कि कहीं ऊर्जामंत्री किसी बिजलीघर का चेक न कर लें।