जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 172 रिक्त पदों के लिए 1300 आवेदनों को सामान्य निवास, आय और जाति प्रमाणपत्रों में कमियां मिलने पर निरस्त कर दिया गया है। अब रिक्त पदों के सापेक्ष पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जा रही है। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन 15 फरवरी से होगा।
इसके लिए इन अभ्यर्थियों को कॉल कर विकास भवन में बुलाया जाएगा। जिले में 1712 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनमें 172 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद रिक्त चल रहे हैं। इस कारण एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर दो-दो केंद्राें का चार्ज है। कुछ केंद्रों की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी सहायिकाओं पर हैं। इन रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। आवेदकों द्वारा मय दस्तावेजों के ऑनलाइन आवेदन किए गए। जिले में 172 रिक्त पदों के लिए करीब 5000 आवेदन प्राप्त हुए थे।
इनमें से 4100 आवेदन सही पाए गए हैं। अब इन आवेदनों के दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है। इनमें से करीब 900 आवेदन केंद्र न भरने व अन्य वजहों से निरस्त हो गए। अब तक करीब 1900 आवेदन विभिन्न वजहों से निरस्त कर दिए गए हैं। अब विभिन्न मानकों पर खरे उतरे पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर ली गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि जल्द ही भौतिक सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को कॉल कर बुलाया जाएगा।