थाना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार की रात को अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में ग्राम पंचायत थरौरा में प्रधान पद का एक प्रत्याशी भी शामिल है। शराब चुनाव में मतदाताओं को बांटने के लिए ले जाई जा रही थी।
टीम ने आरोपियों के कब्जे से अपमिश्रित 135 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब और 92 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब सहित कुल 227 शराब के टेट्रा पैक बरामद किए हैं। शराब की तस्करी में प्रयुक्त एक फोर्ड ईको स्पोर्ट्स कार भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम नीरज उर्फ नीतेश पुत्र चरन सिंह निवासी ग्राम थरौरा, अमित कुमार पुत्र सुरेशचंद्र निवासी ग्राम कुकरगवां बताए।
आरोपियों ने बताया कि वह नकली अंग्रेजी और देसी शराब को फर्जी क्यूआर कोड लगाकर सस्ते दामों में देते है और उसी शराब को अपने गांव के आसपास के क्षेत्रों में पूरे दाम पर बेचकर अच्छा मुनाफा कमाते हैं।
उल्लेखनीय है कि गांव थरौरा में प्रधान पद के लिए 19 फरवरी को उपचुनाव होना है। आरोपी नीरज उर्फ नीतेश इस ग्राम पंचायत से प्रधान पद का प्रत्याशी है। वह इस शराब को मतदाताओं में बांटने की फिराक में था। आबकारी टीम ने जब्त की गई शराब के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।