न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा में जिले के करीब 125 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। कश्मीर घाटी में आतंकी अलर्ट के बाद कई लोगों ने अब आना-जाना स्थगित कर दिया है।
गुरु पूर्णिमा से रक्षाबंधन तक चलने वाली बाबा बर्फानी की यात्रा में जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु घाटी को रवाना होते हैं। इस बार एक जुलाई से 30 जुलाई के बीच चली यात्रा में जिले के 82 लोगों ने बालटाल और 46 लोगों ने पहलगांव रूट से बाबा बर्फानी के दरबार में हाजिरी लगाई है। कई लोग रक्षाबंधन पर बाबा के दर्शन करने का मन बना रहे थे। उन्होंने रजिस्ट्रेशन भी करा लिया। अब अचानक घाटी में हुए आतंकी अलर्ट के बाद इन लोगों का जाना स्थगित हो गया है। पंजीकरण के अनुसार पिछले साल की अपेक्षा इस साल ज्यादा श्रद्धालुओं ने पीएनबी की शाखा में रजिस्ट्रेशन कराए हैं।