आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती में चयनित लाभार्थी को ज्वाइनिंग लेटर देते सादाबाद विधायक व अन्य।
- फोटो : samvad
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में 75 और सादाबाद-सिकंदराराऊ में 25-25 नवचयनित कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम में सुपोषित हुए बच्चों के माता-पिता और संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को पोषण डलिया एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार ने कहा कि सरकार गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म और उसके स्वस्थ विकास तक मां और बच्चे के पोषण एवं स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है।
मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह और सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। ड्रेस के लिए दी जाने वाली धनराशि भी दोगुनी की गई है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, जिलाध्यक्ष आरएलडी श्याम सिंह, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदि मौजूद रहे।
जूडो में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा सम्मानित
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सीमा सागर को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सीमा ने जुलाई में लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने जनवरी 2025 में अपने बच्चों को जूडो प्रशिक्षण दिलाने के दौरान स्वयं भी खेलना शुरू किया और मेहनत के बल पर राज्य स्तर तक पहचान बनाई।