न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद नगर पंचायत में अब कचरा प्रबंधन के लिए कूड़ा निस्तारण प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत द्वारा जमीन की खरीद भी कर ली गई है। जमीन का प्लांट स्थापना के लिए जमीन का बैनामा भी करा लिया गया। कूड़ा निस्तारण प्लांट तैयार होने के बाद नगर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से भी जनता को मुक्ति मिल सकेगी। नगर का पूरा कचरा इसी प्लांट में एकत्रित किया जाएगा।
ठोस अपशिष्ट पदार्थों का प्रबंधन कराना नगर पंचायत के लिए एक बड़ी चुनौती थी। अब तक नगर पंचायत द्वारा कूड़े को सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों में फेंका जाता था। कूड़ा निस्तारण नहीं होने से आबादी के बीच भी कई स्थानों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे। लोग इन कूड़े के ढेरों से उठती बदबू से परेशान थे। नगर पंचायत में भी कूड़े के ढेरों की शिकायतें आम हो गई थीं। वहीं नगर पंचायत में भी कूड़े कचरे का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पा रही थी, लेकिन अब स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए अब कूड़ा निस्तारण प्लांट नगर पंचायत द्वारा बनवाया जाएगा। नगर पंचायत ने करीब 10 बीघा जमीन की खरीद भी प्लांट के लिए कर ली है।
चेयरमैन रविकांत अग्रवाल ने बताया कि कूड़ा निस्तारण प्लांट से लोगों की कूड़े के ढेरों की समस्या का समाधान हो जाएगा। आधुनिक रूप से कूड़ा निस्तारण प्लांट तैयार किया जाएगा। इसमें कई तरह की आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। फिलहाल, कूड़ा निस्तारण प्लांट का एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। जमीन खरीद के बाद अब बाउंड्री आदि कराई जाएगी। फिलहाल तो लगभग 10 बीघा जमीन का बैनामा करा लिया गया है। एस्टीमेट पास होने के बाद प्लांट का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।