न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली चोरी में हाथरस जिला टॉप दस की सूची में शामिल है। बिजली चोरी की गूंज शासन तक है। तब भी विभागीय अधिकारी बिजली चोरी पर पूर्णत: अंकुश नहीं लग पा रहे हैं। शहर से देहात तक अप्रैल से जनवरी 2019 तक 28 सौ ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग की भेंट चढ़ चुके हैं। इससे निगम को आर्थिक नुकसान हुआ है।
भले ही सरकार ने लोगों को बिजली पहुंचाने तमाम योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है, लेकिन जिले में बिजली चोरी का ग्राफ लक्ष्य के सापेक्ष नीचे नहीं आ रहा है। सूत्रों की मानें तो शहर और देहात कस्बों में छोटे और बड़ेे करीब 28 ट्रांसफार्मर अप्रैल 2018 से जनवरी 2019 तक फुंके हैं।
इस कारण लोगों को बिजली संकट तो झेलना पड़ा। निगम को भी आर्थिक हानि हुई है। वहीं खास बात यह है कि वर्ष 2017 में जिलेभर में 29 सौ ट्रांसफार्मर फुंके थे। इस बार करीब सौ ट्रांसफार्मर कम फुंके हैं। इसका कारण यह रहा कि सब स्टेशनों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि हुई है।