न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आवारा पशुओं के इंतजाम के लिए प्रशासन हर संभव प्रयासों में जुट गया है। शासन के कड़े दिशा निर्देशों के बाद अब गांव गांव अस्थायी आवारा पशु आश्रय स्थल बनवाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार को सादाबाद क्षेत्र के कई गांवों में अस्थायी गौशाला या पशु आश्रय स्थल बनवाने का काम शुरू कर दिया गया है। बीडीओ प्रतिमा निमेष और तहसीलदार टीपी सिंह ने गांव में घूमकर कार्य प्रगति का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
तहसीलदार टीपी सिंह ने बताया कि गांव कूपा, धानौटी, करसौरा, विलारा, कंजौली, गुरसौटी, नगला कली, बिसावर, कुुुरसंडा आदि स्थानों पर अस्थायी रूप से पशु आश्रय स्थल तैयार कराए जा रहे हैं। चारों तरफ लोहे के तारों से इन आश्रय स्थलों को बंद कराया जाएगा। फिलहाल तो खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है, जिससे आवारा पशुओं से किसानों को राहत दी जा सके।
गांव में चारागाह, वृक्षारोपण आदि की जगहों पर यह आश्रय स्थल बनवाए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत सचिव, प्रधान, लेखपालों की टीमें मौके पर व्यवस्थाएं कराने में लगी हुई हैं। इधर, बीडीओ प्रतिमा निमेष ने भी गांव गांव घूमकर आवारा पशुओं के लिए अस्थायी रूप से तैयार किए जा रहे पशु आश्रय स्थलों की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम, राजेश किंग आदि मौजूद थे। इधर, एसडीएम ज्योत्स्ना बंधु ने भी आवारा पशुओं के इंतजाम के लिए अधीनस्थों को दिशा निर्देशित किया।