न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। भाकियू की किसान महापंचायत गांव गंगचौली स्थित बीपीएस विद्यालय में हुई। वक्ताओं के निशाने पर एससी-एसटी एक्ट को लेकर केंद्र सरकार रही। मुख्य अतिथि भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विजेंद्रपाल सिंह, प्रेमपाल सिंह, ठा. अवधेश सिंह, राजपाल सिंह रहे। अध्यक्षता प्रेमपाल सिंह जादौन ने की। अतिथियों का जोशीला स्वागत किया गया।
महापंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि एससी-एसटी एक्ट की आड़ में किसी भी तरह का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले में फेरबदल कर गलत काम किया किया है। इस एक्ट में सुप्रीम कोर्ट का फैसला ही लागू किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि वैसे भी इस एक्ट का गलत इस्तेमाल किया जाता रहा है।
भाकियू ऐसा नहीं होने देगी। यदि इसके लिए महाभारत भी करना पड़ा तो करेगी। उन्होंने सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। महापंचायत में किसानों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांगें उठाई गईं। इसमें मुख्य रूप से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने, पराग डेयरी प्लांट चालू करनेे, कृषि विज्ञान केंद्र संचालित करने, जिले के सभी नलकूप चालू कराने, ग्रामीण एरिया की सड़कें सही कराने, किसान भाईयों के लिए जैविक तथा कार्बनिक खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने, आलू का उचित दाम मिलने के लिए आलू विकास केंद्र की ठोस कार्य योजना की व्यवस्था करने आदि थी।
पंचायत में मुख्य रूप से कार्यक्रम संयोजक देवराज सिंह गुड्डू, गौरव प्रताप सिंह, लक्ष्मी राज सिंह, नीरेश कुमार सिंह, मनोज सिसौदिया, बबलू ठाकुर, पूरन सिंह राना, धारा सिंह, देवेंद्र, अरविंद, नरेंद्र सिह, योगेंद्र सिह गहलोत, अतेंद्र सिंह गहलोत, नरेश पाल सिंह, योगेंद्र सिह के अलावा गंगचौली, कैमार, नगला इमलिया, झींगुरा, पैकवाडा, परसारा, कोका, तिपरस, नगला चौखा आदि गांवों के किसान मौजूद थे।