हाथरस के 1.17 लाख किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 15वीं किस्त दिवाली से पूर्व देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसे लेकर कृषि विभाग की ओर से किसानों के ब्योरे को सत्यापित कर शासन को भेज दिया गया है। जल्द ही वहां से धनराशि जारी होने की उम्मीद है।
किसानों को सम्मान निधि की इस किस्त का लंबे समय से इंतजार था। किसान आए-दिन इसकी जानकारी करने के लिए कृषि विभाग के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वहां से उन्हें जवाब मिल रहा था कि जैसे ही शासन से आदेश आएगा, किस्त की धनराशि उनके खातों में पहुंच जाएगी। अब शासन ने 15वीं किस्त जारी करने की मंजूरी दे दी है।
जल्द ही इसके लिए बजट जारी होने की उम्मीद है। दिवाली से पहले इसे किसानों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से बड़ा तोहफा माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर से कृषि विभाग किसानों को ई केवाईसी कराने के लिए भी जागरूक करने में जुटा है। उप कृषि निदेशक हंसराज ने बताया कि इन किसानों को दिवाली से पूर्व ही निधि मिल सकेगी।