मुरसान के गांव करील स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक न मिलने से बिना दवा लिए वापस ज
- फोटो : Samvad
क्षेत्र के गांव करील स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक न मिलने पर मरीजों ने हंगामा कर दिया। मरीजों का कहना था कि पिछले कई दिनों से चिकित्सक न होने के कारण वह अस्पताल से लौट रहे हैं। चिकित्सकों के न आने से अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं चरमरा गई हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करील पर शनिवार की दोपहर को बड़ी संख्या में मरीज दवा लेने पहुंच गए, लेकिन चिकित्सक कक्ष से ताला लगा देख मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई है। गांव करील निवासी बनी सिंह, गीतम सिंह, विष्णु, तेजवीर, राधा रमन, नवाब सिंह, सौदान सिंह, चंद्रपाल सिंह का कहना है कि इस स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले कई दिनों चिकित्सक न होने के कारण मरीज लौट रहे हैं।
मरीज निजी चिकित्सकों के यहां उपचार कराने के लिए मजबूर हैं। गरीब और असहाय लोग पैसे देकर आसपास क्षेत्र में निजी चिकित्सकों से उपचार ले रहे हैं, जबकि इस समय गांव करील, गिलोंदपुर, जटोई, गुठलीपुर सहित अन्य गांवों के कई लोग बीमार पड़े हैं। स्वास्थ्य विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सफाई कर्मी के सहारे ही चल रहा है।
सफाई कर्मी के अलावा इस अस्पताल में कोई चिकित्सक नहीं आता। इस कारण दिनभर मरीज लौटकर चले जाते हैं। सीएचसी प्रभारी डाॅ.प्रकाश मोहन का कहना है कि पीएचसी करील पर शनिवार को नए फार्मासिस्ट की तैनाती हुई है। शनिवार को फार्मासिस्ट एक काम से सीएचसी आए थे। यहां तैनात चिकित्सक चिकित्सा अवकाश पर गए हैं।