क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
बीएसए दफ्तर परिसर में बुधवार को डायट प्राचार्या और बीएसए की कमेटी ने ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया का माउस क्लिक करके शुभारंभ किया। यहां पर 2,366 आवेदनों में से 1,566 बच्चों को चुना गया। चुने हुए बच्चों की सूची को आरटीई 25.यूपीएसडीसी.जीओवी.इन पर देखा जा सकता है।
आरटीई के तहत अपने बच्चे का स्कूल में नि:शुल्क प्रवेश दिलाए जाने का इंतजार कर रहे 820 अभिभावकों को बुधवार को उस वक्त निराशा हाथ लगी, जब ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया पूरी हुई। 2,386 में से मात्र 1,566 बच्चों को ही ऑन लाइन लॉटरी के माध्यम से आरटीई का लाभ मिल सका।
डायट प्राचार्या डॉ. ऋचा गुप्ता और बीएसए हरीशचंद्र की मौजूदगी में ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया को पूरा किया गया। चुने गए बच्चों की सूची पर अंतिम मुहर डीएम की लगेगी। इसके बाद ही बीएसए दफ्तर पर सूची को चस्पा किया जाएगा।
बीएसए हरीशचंद्र ने बताया कि आरटीई के तहत आए आवेदनों की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुने गए बच्चों की सूची को डीएम कार्यालय भेज दिया गया है। वहां से सूची को हरी झंडी मिलने के बाद उसे चस्पा करा दिया जाएगा।