न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सर्दी के बढने के साथ बिजली ने नखरे दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार की शाम को प्रगतिपुरम बिजलीघर में लगी बीसीबी में धमाका हो गया। इस कारण आधे शहर में बिजली संकट गहराया गया। लोगों को बिना बिजली के दिक्कतों से जूझना पड़ा।
देर रात तक कर्मी बिजली सप्लाई को सामान्य करने में जुटे हुए थे। शनिवार की शाम को सब कुछ सामान्य चल रहा था। प्रगतिपुरम बिजलीघर में लगी बीसीबी(बैक्यूम सर्किट ब्रेकर) में धमाका हो गया। इसी के साथ शहर के अलीगढ़ रोड, रमनपुर, श्रीनगर, साकेत कालोनी, गिर्राज कालोनी, लेबर कालोनी सहित आधे शहर की बिजली गुल हो गई।
बिजली गुल होने के साथ चारों ओर अंधेरा छा गया। बिना बिजली दुकानदार जल्दी दुकानें बंद कर चले गए। सन्नाटा पसर गया। घरों में लगे विद्युत उपकरण शोपीस बन गए। कल कारखानों मेें जनरेटर जहरीला धुंआ उगलते दिखे। शाम साढ़े पांच बजे गुल हुई। देर रात तक कर्मी बिजली को चालू करने की कोशिश में जुटे हुए थे।