न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। किसानों के उन्नयन विकास और कृषि आय को दोगुनी करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में माह के तृतीय बुधवार को कृषि विभाग के तत्वावधान में किसान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य ने कहा कि किसानों को अपनी आय को बढ़ाने के लिए नई तकनीकों का प्रयोग करना होगा।
उन्होंने कहा कि सभी किसान खेतों में फसल अपशिष्ट को किसी भी कीमत पर नहीं जलाएं। फसल अपशिष्ट जलाने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। सरकार किसानों की आय को दोगुनी करने के लिए अनेक प्रयास कर रही है। किसान दिवस में किसानों द्वारा नहरों में पानी नहीं पहुंचने की शिकायत की गई।
डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से नहरों में टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिया कि नहरों की सफाई निर्धारित दिन के अंदर ही करा ली जाए। विकास खंड सासनी में माइनर नहीं चलने की शिकायत पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पानी अलीगढ़ से आने की जानकारी दी। इस पर डीएम ने अपने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। कृषकों ने अधिशासी अधिकारी विद्युत विभाग से गांव में विद्युत पूर्ति के रोस्टर उपलब्ध कराने को कहा।
किसानों ने अवारा पशुओं द्वारा फसलों के नुकसान पहुंचाने की भी शिकायत की। इस पर डीएम ने बताया कि सिकंदराराऊ में गौशाला बनने का कार्य प्रस्तावित है। जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार ने सिंचाई विभाग द्वारा नहरों के सफाई के दौरान अधिक समय तक बंद रखने पर गेहूं की फसल की बुवाई में देरी होने की बात कही।
-----
उप निदेशक कृषि एचएन सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड, अग्रणी जिला प्रबंधक, एआर को-ऑपरेटिव तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।