ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद डीएम अमित कुमार सिंह ने ग्राम पंचायतों में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों के रिक्त पदाें पर चुनाव कराए जाने का निर्णय लिया है। आयोग ने इसके लिए 22 जून से तीन जुलाई तक चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कराने का कार्यक्रम घोषित किया है।
जिले में ब्लॉक हाथरस की ग्राम पंचायत गढ़ी धारू में प्रधान पद एवं जिले में तीन क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं 38 ग्राम पंचायतों के पद रिक्त चल रहे थे। इन सभी रिक्त पदों पर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जानी है। इस प्रक्रिया के तहत 20 जून तक नामांकन होंगे। 22 जून को नामंाकन पत्रों की जांच होगी।
24 जून को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा। इसी दिन शाम तीन बजे तक प्रतीक चिह्नों का आवंटन होगा। इसके बाद सभी पदों के प्रत्याशियों के पास 30 जून तक मतदाताओं से संपर्क करने का मौका होगा। एक जुलाई को विधिवत रूप से मतदान कराया जाएगा। इसके बाद सभी संबंधित विकास खंड कार्यालयों पर 3 जुलाई को कार्य समाप्ति तक मतगणना कराकर विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।