न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। जिले के ग्राम प्रधानों पर कभी भी शासन स्तर से फोन आ सकता है। इन प्रधानों से यह जानकारी ली जाएगी कि आपके गांव में योजना के तहत विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है या नहीं। वर्तमान स्थिति के बारे में भी पूछा जाएगा। इन-दिनों दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति विद्युतीकरण योजना के तहत 1,282 गांवों में विद्युतीकरण का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति विद्युतीकरण योजना के तहत हाथरस जिले के 1,282 गांवों को विद्युतीकरण के लिए चयनित किया गया था। नवंबर के अंत तक विद्युतीकरण का काम पूरा हो जाएगा। अब सरकार विभागीय अधिकारियों के अलावा प्रधानों से विद्युतीकरण का सच जानेगी। जिले के सभी ग्राम प्रधानों के नंबर शासन को पहुंच गए हैं।
कभी भी ग्राम प्रधान पर फोन आ सकता है। प्रधान गांव में होने वाले विद्युतीकरण के बारे में बताएंगे। इस मामले में अधीक्षण अभियंता प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति विद्युतीकरण योजना के तहत गांवों में होने वाले विद्युतीकरण के बारे में प्रधानों से पूछा जाएगा।