दो दवा की दुकानों से आठ दवाओं के लिए नमूने
क्रासर
शहर में मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी से खलबली
अमर उजाला ब्यूरो
हाथरस। दवाओं के नशे के रूप में दुरुपयोग की रोकथाम और प्रतिबंधित दवाओं के स्टॉक का निरीक्षण करने के लिए सोमवार को औषधि निरीक्षक दीपक कुमार ने शहर में मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। कार्रवाई से दवा विक्रेताओं में खलबली मच गई। मेडिकल स्टोरों पर दवाओं का स्टॉक भी चेक किया गया। दो दुकानों से आठ दवाओं के नमूने लिए गए। मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की उपलब्धता को खासतौर पर चेक किया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि आयुक्त के निर्देश पर 24 से 28 सितंबर तक सूबे में मेडिकल स्टोरों पर छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाओं की उपस्थिति को चेक करना और दवाओं का नशे के लिए दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है। इसे देखते हुए आइडियल मेडिकल एजेंसी, ब्रज विहार कॉलोनी से चार दवाओं के नमूने लिए और मौके पर रखे दवाओं के स्टॉक चेक किया। इस मौके पर दवाओं के रख-रखाव के साथ एक्सपायरी डेट आदि की जानकारी भी ली। वहीं पवन मेडिकल स्टोर उसादाबाद गेट पर से भी चार दवाओं के नमूने लिए गए। दोनों मेडिकल स्टोरों पर कुछ ऐसी दवाओं का नमूना लिया गया है, जिन पर संदिग्धता जाहिर हुई।