न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। मेला श्रीदाऊजी में कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। जिला प्रशासन ने मेले में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर इच्छुक लोगों से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब मेले में कार्यक्रम करने को लेकर समाजसेवियों और राजनीतिक लोगों ने अपने कार्यक्रमों के लिए आवेदन देना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन ने आवेदनों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन जल्द ही मेले के कार्यक्रमों को लेकर बैठक आयोजित करने वाला है। जहां मेले के कार्यक्रमों को फाइनल किया जाएगा और संयोजकों को उनके अनुभव के आधार पर कार्यक्रम दिए जाएंगे।
सभी आवेदक अपने आवेदन कलेक्ट्रेट में जमा कर सकते हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने मेले को भव्य रूप देने की तैयारियों को मूर्त रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रमों के संयोजकों के चयन को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करेंगे। बैठक में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ राजनीतिक और सामाजिक लोग भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में ही कार्यक्रमों के आयोजन पर विचार किया जाएगा। इसमें संयोजकों की सूची भी फाइनल की जाएगी। इस बार मेला परिसर में पॉलिथीन का प्रयोग पाबंद रहेगा। इसके लिए ठेकेदार और कार्यक्रम संयोजकों को भी जागरूक किया जाएगा।