न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने पार्टी के पदाधिकारियों साथ कैंप कार्यालय पर बैठक की। इस मौके पर लोकसभा 2019 की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वह 25 अगस्त तक अपनी कमेटियों का गठन करें और पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पार्टी में जो भी पद खाली पड़े हुए हैं, उन्हें निश्चित समयावधि में भरकर आलाकमान को अवगत कराएं।
बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में चर्चा की गई। सभी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वह सरकार की योजनाओं का जन-जन तक प्रचार-प्रसार करें। सभी मंडल अध्यक्षों से उनके कार्य के बारे में जानकारी ली गई। इस मौके पर पार्टी की जिले की प्रभारी अंजुला माहौर ने 15 अगस्त पर होने वाले पौधरोपण के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर बूथ अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ 11-11 पौधे लगाएं। प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि विपक्षी पार्टियां भाजपा बढ़ते जनाधार से घबरा गई हैं। एकजुट होकर चुनाव लड़ने की पूरी योजना बना चुकी है। 2019 में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने की और संचालन जिला महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया। इस मौके पर सदर विधायक हरीशंकर माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सांसद राजेश दिवाकर, संजय सक्सेना, बंगाली सिंह, सुनील गौतम, मीरा माहेश्वरी, राजीव सेंगर, रमेश चंद्र आर्य, राजकुमार शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।